सवांददाता : सीमा कुमारी
★ संभावना स्कूल में दीपावली उत्सव की धूम, बच्चों ने रंगोली और छठ गीतों से मोहा मन
★ रंगोली से सजा संभावना स्कूल, छठ गीतों में दिखी बिहार की लोक संस्कृति
★ पढ़ाई के साथ संस्कार और संस्कृति पर जोर, संभावना स्कूल में बच्चों को मिला सम्मान
भोजपुर। भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों को शिक्षा के साथ जोड़ने की एक खूबसूरत झलक भोजपुर के मंझौआ स्थित संभावना स्कूल में देखने को मिली। दीपावली के अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मक सोच और सांस्कृतिक अभिरुचि का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं। रंग-बिरंगे रंगों से सजी इन रंगोलियों में बच्चों की कल्पनाशीलता और मेहनत साफ दिखाई दे रही थी। दीपावली के पारंपरिक स्वरूप को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों ने अपनी कला का परिचय दिया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि दीपावली के उत्साह के बीच छात्राओं ने आगामी छठ महापर्व के पारंपरिक गीतों की भी प्रस्तुति दी। छठ गीतों की मधुर धुन ने कार्यक्रम में बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरा की खूबसूरत झलक पेश की। छात्राओं की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। सम्मान मिलने से बच्चों का उत्साह और मनोबल बढ़ा। विद्यालय की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कला, संस्कृति और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
गौरतलब है कि मंझौआ स्थित संभावना स्कूल अपने शुरुआती दौर से ही विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने की दिशा में प्रयास करता रहा है। विद्यालय में पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों को भी महत्व दिया जाता है, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।

विद्यालय की इस पहल से यह संदेश सामने आया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान और परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं है, बल्कि बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ना भी है। आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और नई पीढ़ी में उसके प्रति सम्मान की भावना विकसित करना भी जरूरी है।
संभावना स्कूल में आयोजित दीपावली का यह कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और भारतीय संस्कृति की परंपरा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।

