पटना। वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) ने देशभर में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित महासचिव एवं सचिव स्तरीय ऑनलाइन बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, पदाधिकारियों की जवाबदेही और सदस्यों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया कि अब प्रत्येक माह राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के सदस्यों की समस्याओं को सुना जाएगा और उनके समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी राष्ट्रीय समिति के सचिव मिथिलेश मिश्रा एवं संयुक्त सचिव अनामिका मोंडल को सौंपी गई है।
राष्ट्रीय स्तर पर संगठन विस्तार को गति देने के लिए संयुक्त सचिव अनामिका मोंडल को पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई। उन्हें निर्देश दिया गया कि असम एवं त्रिपुरा में अगस्त तक अधिक से अधिक डिजिटल पत्रकारों को संगठन से जोड़ते हुए राज्य इकाइयों को मजबूत करें, जबकि पश्चिम बंगाल की राज्य कमिटी की घोषणा अगले सप्ताह तक सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में संयुक्त सचिव रविशंकर शर्मा को जम्मू-कश्मीर, गोवा, तमिलनाडु और केरल में सदस्यता विस्तार एवं संगठन को सशक्त बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव अमित रंजन ने कहा कि WJAI अब देश के प्रत्येक राज्य में डिजिटल पत्रकारों का मजबूत, संगठित और प्रभावी मंच बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी सचिवों एवं संयुक्त सचिवों को अपने-अपने दायित्व पूरी जवाबदेही और समयबद्ध तरीके से निभाने का निर्देश देते हुए कहा कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी संविधान और संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप कार्य करेगा।
बैठक का संचालन राष्ट्रीय महासचिव मधुप मणि ‘पिक्कू’ ने किया। उन्होंने कहा कि अब हर महीने राष्ट्रीय समीक्षा बैठक आयोजित कर संगठन की कार्ययोजना, सदस्यता अभियान और राज्यों में हो रही गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी, ताकि WJAI का विस्तार देश के हर हिस्से तक प्रभावी ढंग से किया जा सके।
बैठक में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मंजेश कुमार, सचिव मिथिलेश मिश्रा एवं विवेक कुमार, संयुक्त सचिव रविशंकर शर्मा एवं अनामिका मोंडल, कार्यालय सचिव रामबालक राय सहित राष्ट्रीय समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
WJAI का उद्देश्य देशभर के डिजिटल एवं वेब पत्रकारों को एक मजबूत राष्ट्रीय मंच प्रदान करना, उनके अधिकारों की रक्षा करना तथा संगठनात्मक एकजुटता के माध्यम से पत्रकार हितों को मजबूती देना है।

