आरा, भोजपुर। भोजपुर के सदर अस्पताल, आरा की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। समाजसेवी एवं आरा विधानसभा से पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी अमरदीप कुमार जय ने आरोप लगाया है कि मॉडल भवन स्थित मुख्य ओपीडी और रजिस्ट्रेशन काउंटर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा पिछले कई महीनों से गायब है या कार्य नहीं कर रहा है। उन्होंने इस संबंध में भोजपुर जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
अमरदीप कुमार जय का कहना है कि सदर अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में यदि सीसीटीवी कैमरे ही नहीं होंगे या बंद पड़े रहेंगे, तो किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस और प्रशासन के पास महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध नहीं होंगे। उनका आरोप है कि अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, भर्ती मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा इससे प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में लगी शिकायत पेटी केवल औपचारिकता बनकर रह गई है तथा अस्पताल के छोटे-छोटे रखरखाव (मेंटेनेंस) के कार्य समय पर नहीं कराए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में उन्होंने लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत भी आवेदन दिया है।
समाजसेवी ने अस्पताल प्रशासन पर रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद या गायब पाए जाते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी सिस्टम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
हालांकि, इन आरोपों पर सदर अस्पताल प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि अस्पताल प्रशासन अपना पक्ष जारी करता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

