आखर प्रहरी डेस्क
पटना, 10 सितंबर 2026। बिहार के सभी 37 जिलों में आगामी 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल आयोजन को लेकर बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BSLSA) की ओर से व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लोक अदालत के लिए प्री-लिटिगेशन के करीब 4 लाख 99 हजार 736 मामलों को चिन्हित किया गया है।
BSLSA के प्रांगण में गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदस्य सचिव पुरुषोत्तम मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में चिन्हित मामलों में से 50 हजार से अधिक मामलों के निष्पादन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि मामलों के निष्पादन का आंकड़ा बढ़कर एक लाख तक भी पहुंच सकता है।
आम लोगों की सुविधा का रखा गया विशेष ध्यान
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर राज्य के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। BSLSA के संयुक्त सचिव अविनाश कुमार ने बताया कि लोक अदालत में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए सभी शिविरों में पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए शिविरों में चिकित्सकीय सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
समझौते के आधार पर मामलों का होगा त्वरित समाधान
BSLSA के रजिस्ट्रार आशुतोष कुमार रवि ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर जरूरतमंद लोगों को सुलभ, निःशुल्क और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकार आपसी सहमति और समझौते के आधार पर अपने मामलों का सरल और त्वरित तरीके से समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान BSLSA की ओर से राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों और आम लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मीडिया के साथ साझा की गई। इस दौरान विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि और पत्रकार मौजूद रहे।

