सवांददाता : अंकुर आदित्य
आरा। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के पीजी उर्दू विभाग में मंगलवार को डॉ. इफ्तेखार अहमद अंसारी ने विभागाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, प्रोफेसरों, असिस्टेंट प्रोफेसरों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. इफ्तेखार अहमद अंसारी ने कहा कि किसी भी विभाग की प्रगति केवल एक व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं है। विभाग को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सामूहिक सहभागिता और आपसी सहयोग जरूरी है।
उन्होंने कहा कि उर्दू विभाग में शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को बढ़ावा देना और शोध कार्यों को प्रोत्साहित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ शोध की गुणवत्ता में सुधार के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर मानविकी संकाय के डीन प्रोफेसर शंभू शरण, प्रोफेसर अलाउद्दीन अजीजी, असिस्टेंट प्रोफेसर अरमान आलम, प्रोफेसर सद्दाम हुसैन, निवर्तमान विभागाध्यक्ष डॉ. सूफिया परवीन, डॉ. विनय कुमार तथा देशसी भूषण राय सहित कई शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने डॉ. अंसारी को बधाई दी।
बधाई देने वालों ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि डॉ. इफ्तेखार अहमद अंसारी के नेतृत्व में उर्दू विभाग शैक्षणिक, शोध और साहित्यिक गतिविधियों के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
पदभार ग्रहण के दौरान विभाग में उत्साह और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की मौजूदगी ने डॉ. अंसारी के प्रति उनके सहयोगियों और विद्यार्थियों के विश्वास एवं सम्मान को भी प्रदर्शित किया।

