आरा, भोजपुर | 2 अक्टूबर 2026
भोजपुर जिले के मुफस्सिल प्रखंड के श्रीनगर भकुरा स्थित इंदिरा आवास प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय की छत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के दौरान विद्यालय में बच्चे और शिक्षक मौजूद थे। हालांकि, समय रहते बच्चों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आइसा, आरवाईए और भाकपा-माले की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और विद्यालय का निरीक्षण किया। जांच टीम के मुताबिक, विद्यालय में कक्षा संचालन के दौरान छत के कुछ हिस्से से मलबा गिरने लगा। खतरे को देखते हुए आनन-फानन में बच्चों को कमरे से बाहर निकाला गया। इसके तुरंत बाद कमरे की पूरी छत भरभराकर गिर गई।
जांच के दौरान टीम ने विद्यालय भवन की स्थिति का जायजा लिया। टीम में शामिल भाकपा-माले केंद्रीय कमेटी सदस्य और लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी राजू यादव ने घटना को लेकर बिहार सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भोजपुर समेत राज्य के कई सरकारी स्कूलों में भवन और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब है, जबकि सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के दावे कर रही है।

अगिआंव के पूर्व विधायक शिवप्रकाश रंजन ने दावा किया कि घटना से करीब एक सप्ताह पहले ही आइसा और आरवाईए की टीम ने विद्यालय का निरीक्षण किया था। उनके अनुसार, निरीक्षण के दौरान स्कूल की छत की जर्जर स्थिति को लेकर विद्यालय प्रधान को जानकारी दी गई थी और छत गिरने की आशंका जताई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।
शिवप्रकाश रंजन ने यह भी कहा कि जिस कमरे की छत गिरी है, उसका निर्माण करीब पांच से सात वर्ष पहले ही कराया गया था। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और यदि अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

जांच टीम ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से विद्यालय की क्षतिग्रस्त छत की तत्काल मरम्मत कराने, बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भवन निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
टीम के सदस्यों ने कहा कि आइसा, आरवाईए और भाकपा-माले की ओर से देशव्यापी स्कूल जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भोजपुर के कई विद्यालयों का निरीक्षण किए जाने का दावा किया गया। टीम के मुताबिक, विभिन्न स्कूलों में भवन, कमरों, शिक्षकों, शौचालय, खेल मैदान और विद्यालय तक पहुंचने वाली सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं।
जांच टीम ने चेतावनी दी कि यदि सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो शिक्षा और विद्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान भाकपा-माले केंद्रीय कमेटी सदस्य राजू यादव, पूर्व विधायक शिवप्रकाश रंजन, ऐपवा नेत्री संगीता सिंह, आरवाईए जिला सचिव निरंजन केशरी, जिला अध्यक्ष विशाल कुमार, आरा विधानसभा प्रभारी विजय ओझा, आइसा जिला सचिव जयशंकर प्रसाद, जिला अध्यक्ष विकास कुमार, जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार सहित अन्य नेता, कार्यकर्ता और दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

