वरीय सवांददाता : सुरेश मिश्रा
पटना, 3 अक्टूबर 2026। पटना में स्कूली क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले द्वितीय विमला देवी मेमोरियल अंडर-13 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीमों को दी जाने वाली ट्रॉफी का शनिवार को अनावरण किया गया। ट्रॉफी का अनावरण नंदनगर कॉलोनी, सैदपुर स्थित रंगकर्मी प्रवीण स्मृति भवन में किया गया।

इस अवसर पर खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बिहार प्लेयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी, रवि ज्योति चंद्रवंशी, रोहित चंद्रवंशी, अभिषेक कुमार चंद्रवंशी, संतोष कुमार उर्फ सूखू पासवान तथा पार्षद सह कुम्हरार विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. इन्द्रदीप कुमार चंद्रवंशी ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी का अनावरण किया।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य पटना के स्कूली क्रिकेटरों को बेहतर प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना और कम उम्र में उनकी क्रिकेट प्रतिभा को सामने लाना है।
6 अक्टूबर से सीएबी मैदान पर होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता की शुरुआत 6 अक्टूबर 2026 से क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) मैदान पर होगी। टूर्नामेंट का आयोजन सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है।
यह प्रतियोगिता वार्ड पार्षद डॉ. इन्द्रदीप कुमार चंद्रवंशी की दिवंगत माता स्वर्गीय विमला देवी की स्मृति को समर्पित है। आयोजकों के अनुसार, विमला देवी सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाती थीं।

21-21 ओवर के होंगे मैच
टूर्नामेंट के सभी मुकाबले 21-21 ओवर के होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रत्येक टीम के खिलाड़ियों के आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करना अनिवार्य होगा।
खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
विजेता और उपविजेता को मिलेगी ट्रॉफी
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रत्येक मैच में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा।
इसके अलावा टूर्नामेंट के अंत में बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और उभरते हुए खिलाड़ी को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
संतोष तिवारी की देखरेख में तैयारियां
टूर्नामेंट की तैयारियां सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी की देखरेख में चल रही हैं। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 9386962380 पर संपर्क किया जा सकता है।

