पटना जिला क्रिकेट संघ ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश की सिफारिशों का स्वागत किया, बिहार क्रिकेट संघ की कार्यशैली पर उठाए सवाल और अवैध कमेटी द्वारा कराए जा रहे मैचों को तत्काल रोकने की मांग की।
Patna Cricket News: पटना जिला क्रिकेट संघ की विशेष आम बैठक में कई अहम फैसले
पटना: राजधानी पटना के होटल लीलावती में रविवार को पटना जिला क्रिकेट संघ (PDCA) की विशेष आम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रणवीर ने की। बैठक में जिले के विभिन्न क्रिकेट क्लबों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए और क्रिकेट प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रणवीर ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त बिहार क्रिकेट के पूर्व लोकपाल और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एल. नागेश्वर राव ने फरवरी 2026 में अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि पटना जिला क्रिकेट संघ इस रिपोर्ट और उसमें की गई सिफारिशों का स्वागत करता है।
प्रवीण कुमार प्रणवीर के अनुसार, रिपोर्ट में सितंबर 2025 में हुए बिहार क्रिकेट संघ (BCA) के चुनाव को विभिन्न जिलों में मतदाताओं की सूची में पाई गई अनियमितताओं के कारण रद्द करने की सिफारिश की गई है। साथ ही यह भी सुझाव दिया गया है कि एक स्वतंत्र प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति कर सभी जिला क्रिकेट संघों के वास्तविक क्लबों का सत्यापन कराया जाए। सत्यापन के बाद पहले जिला क्रिकेट संघों के चुनाव और उसके बाद बिहार क्रिकेट संघ के चुनाव कराए जाएं।
BCA पर लगाए गंभीर आरोप
बैठक में मौजूद विभिन्न क्रिकेट क्लबों के प्रतिनिधियों ने बिहार क्रिकेट संघ पर गंभीर आरोप लगाए। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि जब वे पिछले तीन वर्षों से कथित रूप से अवैध कमेटी का विरोध कर रहे हैं, तो उसी कमेटी के माध्यम से क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन कैसे कराया जा रहा है।
बैठक में यह मांग उठाई गई कि बिहार क्रिकेट संघ द्वारा कथित अवैध कमेटी के जरिए कराए जा रहे मैचों को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। साथ ही कहा गया कि बिहार क्रिकेट संघ को जिला क्रिकेट संघ के अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए और केवल निर्वाचित कमेटी को ही मान्यता देनी चाहिए।
जल्द होगी पटना जिला टी-20 क्रिकेट लीग
बैठक में विद्यार्थी एथलेटिक क्लब, लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट क्लब, करबीगहिया क्रिकेट क्लब, एवरग्रीन क्रिकेट क्लब, नेहरू मेमोरियल क्रिकेट क्लब, पीर मोहानी क्रिकेट क्लब, वाईएसीसी मीठापुर, ईगल क्रिकेट क्लब, भवर पोखर क्रिकेट क्लब, अनीसाबाद क्रिकेट क्लब, नेशनल क्रिकेट क्लब, हरक्यूलिस क्रिकेट क्लब, पायनियर क्रिकेट क्लब, वैशाली क्रिकेट क्लब, मालसलामी एकादश, वाईएसी सिटी, अनीसाबाद सीसी, ब्लू स्टार क्रिकेट क्लब, यूथ यूनियन क्रिकेट क्लब समेत कई अन्य क्लबों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
नोट: बिहार क्रिकेट संघ पर लगाए गए आरोप पटना जिला क्रिकेट संघ और बैठक में शामिल क्लबों के पदाधिकारियों के दावे हैं। इन आरोपों पर बिहार क्रिकेट संघ की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

