आखर प्रहरी डेस्क
पटना/नई दिल्ली: बिहार के करोड़ों गरीब, बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग नागरिकों के लिए बुधवार का दिन राहत और खुशी लेकर आया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) कार्यक्रम में राज्य के 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी संकल्प के तहत राज्य के लाखों लाभार्थियों को 1100 रुपये प्रति माह की दर से पेंशन राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई है।
उन्होंने बताया कि पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि मात्र 400 रुपये प्रति माह थी, जिसे बढ़ाकर 1100 रुपये किया गया। इस योजना का लाभ 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर राज्य सरकार ने 94 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में एक साथ यह बड़ी राशि भेजी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब हर महीने की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि लाभार्थियों के खातों में नियमित रूप से भेजी जाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उन बुजुर्गों से भी अपील की जो 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं लेकिन अभी तक पेंशन योजना से नहीं जुड़े हैं, वे जल्द आवेदन करें। वहीं जिन लाभार्थियों का आधार लिंक नहीं होने के कारण भुगतान रुका हुआ है, वे तत्काल आधार लिंक कराकर योजना का लाभ सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिर्फ पेंशन योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह और स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार मौजूद रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास, सभी जिलों के जिलाधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी कार्यक्रम से जुड़े रहे।

