Bihar Crime: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में एक महिला ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक पर लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। चिरैया थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि ढाका स्थित एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक ने उसे ऋण स्वीकृत कराने के नाम पर कार्यालय बुलाया और वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, शाखा प्रबंधक ने पहले लोन पास कराने का भरोसा दिलाया और फिर उसे कार्यालय के एक कमरे में बुलाया। महिला का आरोप है कि वहां आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ यौन शोषण किया। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल 112 आपातकालीन पुलिस सेवा को सूचना देकर मदद मांगी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी शाखा प्रबंधक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ढाका थाना अध्यक्ष राजरूप राय ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह मामला एक बार फिर महिलाओं के साथ विश्वास का दुरुपयोग कर किए जाने वाले कथित अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

