Bihar Crime: जहानाबाद में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा वारदात शहर से सटे भागीरथ बीघा स्थित शिक्षक कॉलोनी की है, जहां अज्ञात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
जहानाबाद: शहर के भागीरथ बीघा स्थित शिक्षक कॉलोनी में देर रात हुई चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाशों ने दो अलग-अलग घरों में घुसकर कीमती जेवरात चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार के घर से लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है। वहीं, रविंद्र कुमार के घर से भी करीब 2.5 लाख रुपये के गहने गायब होने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा संभावित सुराग जुटाए गए। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि चोरी गए सामान का अंतिम आकलन किया जा रहा है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

