हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग पर हादसे से मची अफरा-तफरी, दो घायलों को सदर अस्पताल किया गया रेफर
गरौल (वैशाली): हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग स्थित एनएच-22 पर सोमवार को तेज रफ्तार एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। गरौल थाना क्षेत्र के हरसेर गांव के समीप एक यात्री बस ने आगे चल रहे सीमेंट लदे ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार चार मजदूर घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पर लदे सीमेंट के बोरे सड़क पर बिखर गए और कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस और ट्रैक्टर दोनों हाजीपुर से मुजफ्फरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस चालक ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बस ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर गरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गरौल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो मजदूरों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, हाजीपुर रेफर कर दिया गया, जबकि दो अन्य का इलाज सीएचसी में जारी है।
घायलों की पहचान राहुल, विजय, प्रमोद और अभिषेक के रूप में हुई है। सीएचसी गरौल के डॉ. संजय कुमार ने बताया कि चारों घायलों को सड़क दुर्घटना के बाद अस्पताल लाया गया था। इनमें दो के हाथ-पैर में फ्रैक्चर की आशंका होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने बस और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सड़क पर बिखरे सीमेंट के बोरे हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस बस चालक की लापरवाही समेत दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

