सवांददाता : सीमा कुमारी
आरा, भोजपुर। लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और कथित तानाशाही प्रवृत्तियों के विरोध में आगामी 7 और 8 अक्टूबर को प्रस्तावित इंडिया गठबंधन के संयुक्त कार्यक्रमों को सफल बनाने को लेकर मंगलवार को आरा परिसदन में भोजपुर जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजद भोजपुर जिलाध्यक्ष सह इंडिया गठबंधन जिला समन्वय समिति के अध्यक्ष वीरबल यादव ने की।
बैठक में गठबंधन के घटक दलों के नेताओं ने आगामी आंदोलन की रूपरेखा और प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की।
बैठक में तय किया गया कि 7 अक्टूबर को भोजपुर जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर इंडिया गठबंधन के घटक दल संयुक्त रूप से प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले दहन का कार्यक्रम भी रखा गया है।
वहीं 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालय आरा में संयुक्त आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। राजद के जिला प्रवक्ता आलोक रंजन ने बताया कि मार्च सुबह 11 बजे आरा रेलवे स्टेशन परिसर से शुरू होकर नवादा थाना, करमन टोला, महावीर टोला, शहीद भवन और नागरी प्रचारिणी होते हुए बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचेगा। यहां सभा के बाद पुतला दहन किया जाएगा।

लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता का मुद्दा
बैठक को संबोधित करते हुए राजद जिलाध्यक्ष वीरबल यादव ने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सिर्फ चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास और संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीधर तिवारी ने चुनाव आयोग सहित सभी संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर जोर दिया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि फर्जी एसआईआर के जरिए भाजपा को लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के बीच विपक्षी दलों की जिम्मेदारी है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएं।

गांव-गांव अभियान चलाने का दावा
भाकपा माले जिला सचिव कॉमरेड अभ्युदय ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ व्यापक जनप्रतिरोध की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाकपा माले के कार्यकर्ता गांव-गांव और प्रखंड स्तर तक लोगों को अभियान से जोड़ेंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
राजद जिला प्रवक्ता आलोक रंजन ने कहा कि यह आंदोलन लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि भोजपुर में प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक आंदोलन को व्यापक बनाने की तैयारी की गई है।
ये नेता रहे मौजूद
बैठक में राजद के जिला प्रधान महासचिव रामबाबू पासवान, कांग्रेस प्रवक्ता वीरेंद्र मिश्रा, भाकपा माले केंद्रीय कमिटी सदस्य राजू यादव, राजद प्रवक्ता आलोक रंजन, दिलराज प्रीतम, चंदन कुमार, कांग्रेस नेता भानु प्रताप सिंह, सुधीर सिंह, निरंजन केशरी, जयशंकर प्रसाद, सन्नी, अरुण सिंह, प्रमोद कुमार समेत इंडिया गठबंधन के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

