राजधानीवासियों को मिली बड़ी सौगात, अब आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक महज 15 मिनट में सफर
पटना: राजधानी पटना में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार हो गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी और खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन कर नई विस्तारित मेट्रो सेवा की शुरुआत की। इस अवसर पर दोनों उपमुख्यमंत्री समेत कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने मलाही पकड़ी से भूतनाथ स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा भी की, जो लगभग पांच मिनट में पूरी हुई।
आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक 30 रुपये किराया
मेट्रो सेवा के विस्तार के बाद अब आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी। इस रूट का किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। करीब 6.2 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सफर अब केवल 15 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जिससे रोजाना आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
फिलहाल चार स्टेशनों पर होगा परिचालन
विस्तारित कॉरिडोर में मेट्रो फिलहाल आईएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ और मलाही पकड़ी स्टेशनों के बीच चलेगी। हालांकि खेमनीचक स्टेशन का उद्घाटन तो कर दिया गया है, लेकिन निर्माण कार्य पूरी तरह समाप्त नहीं होने के कारण अभी वहां मेट्रो का ठहराव नहीं होगा। निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों के लिए इस स्टेशन को भी चालू कर दिया जाएगा।
संचालन में हुआ बदलाव, अब 22 फेरे
रूट बढ़ने के साथ मेट्रो के परिचालन कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है। पहले प्रतिदिन 24 फेरे लगाए जाते थे, लेकिन अब मेट्रो 22 फेरे लगाएगी। एक राउंड ट्रिप पूरा करने में लगभग 35 मिनट का समय लगेगा और यात्रियों को हर 35 मिनट के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध होगी।
ट्रैफिक से मिलेगी राहत
मलाही पकड़ी तक मेट्रो पहुंचने से कंकड़बाग, भूतनाथ, जीरो माइल और आईएसबीटी क्षेत्र के यात्रियों का सफर पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। इसके साथ ही राजधानी की व्यस्त सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने और लोगों के समय की बचत होने की भी उम्मीद है।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

