Petrol and Diesel Price Update: महंगाई के बीच आम उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जुलाई की शुरुआत के साथ निजी तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। कंपनी ने 1 जुलाई 2026 से पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। हालांकि, सरकारी तेल कंपनियों ने अभी तक अपनी खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।
लंबे समय बाद मिली राहत
करीब दो साल के अंतराल के बाद पहली बार किसी ईंधन रिटेलर ने खुदरा स्तर पर पेट्रोल और डीजल के दाम घटाए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बाद नायरा एनर्जी ने यह फैसला लिया। माना जा रहा है कि वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों में गिरावट और मध्य-पूर्व में तनाव कम होने का असर अब भारतीय बाजार पर भी दिखाई देने लगा है।
देशभर के 7,000 से अधिक आउटलेट्स पर नई कीमतें लागू
रूस समर्थित कंपनी नायरा एनर्जी ने हाल ही में देशभर में अपने पेट्रोल पंपों की संख्या 7,000 के पार पहुंचा दी है। कंपनी ने अपने सभी रिटेल आउटलेट्स पर नई कीमतें लागू कर दी हैं। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) और स्थानीय टैक्स अलग होने की वजह से अंतिम खुदरा कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिल सकता है।
सरकारी पेट्रोल पंपों पर पुराने दाम बरकरार
जहां नायरा एनर्जी ने ग्राहकों को राहत दी है, वहीं इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। देश के अधिकांश पेट्रोल पंप इन्हीं सरकारी कंपनियों के अधीन संचालित होते हैं।
आगे और मिल सकती है राहत
ऊर्जा क्षेत्र के जानकारों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह नियंत्रित रहती हैं और वैश्विक परिस्थितियां सामान्य बनी रहती हैं, तो आने वाले समय में अन्य तेल कंपनियां भी ईंधन के दाम घटाने पर विचार कर सकती हैं। इससे आम लोगों को महंगाई से और राहत मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

