सवांददाता : सुबी सिंह
नवादा : शहर के व्यस्ततम स्टेशन रोड इलाके में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चार मंजिला इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान एवं गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेशन रोड स्थित “शुभम इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इलेक्ट्रिक” नामक प्रतिष्ठान से अचानक घना धुआं निकलने लगा। स्थानीय लोगों और दुकान संचालक ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। हैरानी की बात यह रही कि अग्निशमन विभाग को तत्काल सूचना नहीं दी गई।
इसी दौरान स्टेशन रोड से गुजर रहे दमकल कर्मियों की नजर इमारत से उठते धुएं पर पड़ी। उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और विभाग को सूचना दी। इसके बाद चार दमकल वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाल लिया।
जानकारी के अनुसार, भवन के भूतल पर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान संचालित होती थी, जबकि ऊपर की तीन मंजिलों को गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रतिष्ठान के संचालक मंटू वर्णवाल द्वारा यहां बड़ी मात्रा में कूलर, पंखे, वायरिंग सामग्री समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिक उपकरण रखे गए थे। आग की चपेट में आने से करोड़ों नहीं तो लाखों रुपये मूल्य के सामान के नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना को लेकर अग्निशमन विभाग के अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि भवन में अग्नि सुरक्षा मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया था। साथ ही गोदाम के रूप में उपयोग की जा रही मंजिलों में सुरक्षा व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं थी। उन्होंने कहा कि आग की सूचना विभाग को नहीं दी गई थी, बल्कि दमकल कर्मियों ने स्वयं धुआं देखकर कार्रवाई शुरू की।
संकीर्ण रास्ते और गोदाम की बनावट के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि दमकल की टीम आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयासरत रही। घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी।
इस अग्निकांड ने एक बार फिर शहर में अग्नि सुरक्षा मानकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

