भोजपुर : 5 जून :
सवांददाता : विकाश तिवारी
भोजपुर : बिहार के भोजपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेज बारिश के दौरान ठनका गिरने से आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलोस गांव में रविवार को मौसम ने अचानक अपना रौद्र रूप दिखाया। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच आसमान से गिरी बिजली ने छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
बताया जा रहा है कि सभी लोग बालू घाट पर मजदूरी का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए करीब आधा दर्जन मजदूर पास में स्थित एक आम के पेड़ के नीचे शरण लेने पहुंच गए। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यही जगह उनके लिए खतरे का कारण बन जाएगी।
घायल ग्रामीण राम विनय चौधरी ने बताया कि सभी लोग पेड़ के पास खड़े होकर बारिश रुकने का इंतजार कर रहे थे। तभी अचानक आसमान में तेज गर्जना हुई और चंद सेकंड के भीतर जोरदार चमक के साथ ठनका उनके बेहद करीब आ गिरा। बिजली गिरते ही सभी लोग जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को आनन-फानन में संदेश रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों की टीम ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
संदेश रेफरल अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि बज्रपात की चपेट में आने से कुल छह लोग घायल हुए हैं। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन चार घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं दो अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।
मौसम विभाग लगातार बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी कर रहा है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, नदी किनारे या पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

