सवांददाता : सीमा कुमारी
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने की कार्रवाई, कई घंटे तक चली तलाशी; घर के दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े कागजात की जांच
भोजपुर/आरा। बिहार के भोजपुर जिले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की पटना टीम ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में EOU की टीम ने आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित चंदवा-अवधपुरी मोहल्ले में अवर प्रवर्तन निरीक्षक अमित गुप्ता के आवास पर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुई, जिसके बाद टीम ने मकान के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी ली।
तीन मंजिला मकान में कई घंटे चली तलाशी
EOU की टीम ने चंदवा-अवधपुरी स्थित कृष्ण कला भवन परिसर में बने अमित गुप्ता के तीन मंजिला मकान को खंगाला। अधिकारियों ने घर के अलग-अलग कमरों और परिसर में रखे दस्तावेजों की जांच की। तलाशी के दौरान टीम आय, संपत्ति और उससे जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल करती रही।
संपत्ति और दस्तावेजों की हो रही जांच
बताया जा रहा है कि EOU की कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने के मामले से जुड़ी है। टीम की जांच का मुख्य फोकस ऐसे दस्तावेजों और रिकॉर्ड पर है, जिनसे संपत्ति के स्रोत और आय से संबंधित जानकारी सामने आ सके।
हालांकि, छापेमारी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि जांच टीम को तलाशी के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
EOU की कार्रवाई को देखते हुए मौके पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए। नवादा थाना, मुफ्फसिल थाना और पुलिस लाइन से पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। तलाशी के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी परिसर के आसपास मौजूद रहे।
चार दिन पहले ही हुआ था तबादला
जानकारी के अनुसार, अमित गुप्ता पहले पटना में अवर प्रवर्तन निरीक्षक के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि करीब चार दिन पहले उनका तबादला मोहनिया किया गया था। तबादले के कुछ दिनों बाद ही उनके आरा स्थित आवास पर EOU की यह कार्रवाई हुई है।
छापेमारी पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी आगे की तस्वीर
फिलहाल EOU की टीम मकान और संबंधित परिसर में दस्तावेजों की जांच कर रही है। तलाशी पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

