रांची। वेब पत्रकारों को एक मजबूत और संगठित मंच देने की दिशा में वेब जर्नालिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) ने झारखंड में बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में संगठन ने राज्य के सभी जिलों तक अपने विस्तार का रोडमैप तैयार किया। बैठक में जिला इकाइयों के गठन, संगठनात्मक मजबूती और वेब पत्रकारों के हितों की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष दीपक ओझा ने की। उन्होंने कहा कि WJAI का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि राज्य के हर जिले में वेब पत्रकारों के लिए एक प्रभावी, सक्रिय और सशक्त मंच तैयार करना है, ताकि पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जा सके और डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा मिल सके।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंड के सभी जिलों में जल्द ही सक्रिय जिला इकाइयों का गठन किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश कार्यकारिणी ने विभिन्न जिलों के लिए प्रभारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। संगठन का मानना है कि जिला स्तर पर मजबूत इकाइयों के गठन से वेब पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और उनकी आवाज को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक ओझा ने सभी पदाधिकारियों से संगठन विस्तार अभियान को मिशन मोड में चलाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक जिले में सक्रिय और समर्पित पत्रकारों को जोड़कर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, पेशेवर चुनौतियों का समाधान और डिजिटल मीडिया की विश्वसनीयता बढ़ाना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में प्रदेश महासचिव पूर्णेंदु पुष्पेश, उपाध्यक्ष राजीव रंजन एवं मुकेश कुमार, सचिव पंकज जैन, कार्यालय सचिव राजीव कुमार सिंह, कार्यसमिति सदस्य सुमित रॉय सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में जल्द से जल्द जिला इकाइयों का गठन कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक सक्रिय वेब पत्रकारों को WJAI से जोड़ने का संकल्प लिया।
झारखंड में WJAI की यह पहल डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आने वाले दिनों में जिला स्तर पर नई इकाइयों के गठन के साथ संगठन की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

