आरा, 7 जुलाई 2026। भोजपुर जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से सोमवार को आरा स्थित शहीद भवन में भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री, स्वतंत्रता सेनानी और प्रख्यात दलित नेता बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. श्रीधर तिवारी ने की, जबकि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अंशुल अविजित मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों नेताओं सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अंशुल अविजित ने कहा कि बाबू जगजीवन राम केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और दलित उत्थान के सबसे बड़े प्रतीकों में से एक थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की समावेशी विचारधारा ने ही बाबूजी जैसे व्यक्तित्व को देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंचने का अवसर दिया।
उन्होंने कहा कि भोजपुर जिले के चंदवा गांव में 5 अप्रैल 1908 को जन्मे बाबू जगजीवन राम ने अपने राजनीतिक जीवन में उप प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, रेल मंत्री, कृषि मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे आजादी के बाद देश के सबसे लंबे समय तक केंद्रीय मंत्री रहने वाले नेताओं में शामिल रहे। उन्होंने अस्पृश्यता और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ पूरी मजबूती से आवाज उठाई और दलित समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार संघर्ष किया।
अंशुल अविजित ने कहा कि कृषि मंत्री के रूप में बाबू जगजीवन राम ने हरित क्रांति को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके कारण भारत खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ा। वहीं 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने निर्णायक नेतृत्व दिया और बांग्लादेश के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि आज भी पूरे देश में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठन बाबूजी को सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक के रूप में याद करते हैं।
उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम का संदेश “जाति तोड़ो, समाज जोड़ो” और “शिक्षा ही मुक्ति का रास्ता है” आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना उनके जीवनकाल में था। उन्होंने युवाओं से बाबूजी के विचारों को आत्मसात करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. श्रीधर तिवारी ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों और दलित समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि बाबूजी के अधूरे सपनों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके बताए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने की आवश्यकता है तथा बाबू जगजीवन राम का जीवन इन मूल्यों का सबसे बड़ा उदाहरण है।
कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी वीरेन्द्र मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन चितरंजन मुन्ना ने दिया।
श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष त्रिवेणी प्रसाद सिंह, प्रो. बलराज ठाकुर, प्रो. अरुण कुमार सिंह, बद्रीविशाल सिंह, रजी अहमद, श्यामनंदन ओझा, सुरेन्द्र रविदास, युवा जिलाध्यक्ष डॉ. भानु प्रताप सिंह, मोनु सिंह, अजय पासवान, अभिषेक तिवारी गोलू, साकेत तिवारी, मोहम्मद सारिक खान, रंजीत यादव, शक्ति सिंह मनन, राजेश तिवारी, राघवेन्द्र धारी सिंह, इमदाद अहमद, अरविंद कुमार सिंह, बुटन कुमार यादव, अमित मिश्रा, अब्दुल सलाम कुरैशी, लुटावन चौरसिया, घनश्याम चौधरी, चंदन सिंह, लाल बाबू साह, श्रीकांत राय, टुन्नु सिंह, डॉ. भीम तिवारी, मदन मोहन तिवारी, रोहित कुमार, अंकित कुमार पांडेय, अरुण कुमार, सुमंत कुमार सिंह, रोहित आनंद, नंदलाल राय, मोहम्मद आजाद सहित जिले के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबू जगजीवन राम के आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

