रोहतास डीएम बने शिक्षक, छात्रों को पढ़ाई ट्रिग्नोमेट्री; कभी बेंच पर बैठकर खुद बन गए छात्र
Sasaram: रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र बुधवार को एक अलग अंदाज में नजर आए। स्कूल के औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने शेरशाह सूरी इंटर स्तरीय विद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच शिक्षक की भूमिका निभाई। डीएम ने कक्षा में पहुंचकर चौक-डस्टर संभाला और बच्चों को गणित के अंतर्गत ट्रिग्नोमेट्री यानी त्रिकोणमिति का पाठ पढ़ाया।
ब्लैकबोर्ड पर समझाए लंब, कर्ण और आधार
कक्षा में डीएम ने समकोण त्रिभुज के लंब, कर्ण और आधार की अवधारणा को सरल तरीके से समझाया। इसके बाद उन्होंने sin, cos और tan θ जैसे त्रिकोणमिति के सूत्रों को उदाहरण के साथ छात्रों को समझाया। जिलाधिकारी के सहज अंदाज में पढ़ाने से छात्र-छात्राएं भी उत्साहित नजर आए।
कुछ देर के लिए खुद बन गए छात्र
अध्यापन के दौरान डीएम का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने कुछ समय के लिए बच्चों के साथ बेंच पर बैठकर खुद छात्र की भूमिका निभाई और एक छात्र को शिक्षक बनाकर उसके साथ संवाद किया। इससे कक्षा का माहौल और भी सहज हो गया।
पुस्तकालय और लैब का भी किया निरीक्षण
कक्षा लेने के बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब और विज्ञान प्रयोगशाला का जायजा लिया और वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं संसाधनों की जानकारी ली। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
छात्रों की क्षमता की डीएम ने की सराहना
निरीक्षण के बाद डीएम दीपक कुमार मिश्र ने विद्यालय के शैक्षणिक माहौल की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं में काफी क्षमता है और शिक्षक भी अपने विषयों में निपुण हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाली परीक्षाओं में विद्यालय के विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन करेंगे और जिले का नाम रोशन करेंगे।

