मुजफ्फरपुर के पारू में गंडक नदी का पुराना तटबंध टूटा, तेजी से फैल रहा पानी
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच पारू प्रखंड के जयमल डूंमरी इलाके में नदी का पुराना तटबंध टूट गया। तटबंध टूटते ही गंडक नदी का पानी तेज रफ्तार से आसपास के इलाकों में फैलने लगा, जिससे ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुराने तटबंध के टूटने के बाद पानी तेजी से खेतों और निचले इलाकों की ओर बढ़ रहा है। कई रिहाइशी क्षेत्रों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। अचानक पानी फैलने से स्थानीय ग्रामीण अपने मवेशियों और जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए हैं।
मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और तकनीकी टीम से तटबंध की स्थिति और पानी के फैलाव की जानकारी ली। साथ ही राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
नए तटबंध को बचाने की कोशिश
तटबंध टूटने के बाद प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीम स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। नए तटबंध को सुरक्षित रखने के लिए कटावरोधी सामग्री और बालू की बोरियों की मदद ली जा रही है। अभियंताओं की टीम पानी के तेज बहाव और संभावित कटाव को रोकने के लिए मौके पर काम कर रही है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित और संभावित रूप से प्रभावित इलाकों की निगरानी की जा रही है। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती पानी के फैलाव को नियंत्रित करना और नए तटबंध को सुरक्षित रखना है।

