आरा: भोजपुर जिले के आरा शहर में लंबे समय से जारी जलजमाव और बदहाल सड़क की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा बुधवार को सड़क पर देखने को मिला। वार्ड नंबर 43 और 44 के स्थानीय लोगों ने आनाइट मठिया के पास आरा-सासाराम मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। बारिश के बाद स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की स्थिति भी काफी खराब है। जलजमाव और जर्जर सड़क के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई।
बुधवार को लोगों का सब्र टूट गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। लोगों ने प्रशासन से जलजमाव की समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान कराने और सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे अपनी मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।

