पूर्णिया: कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी मैदान में बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अपना दमखम दिखाया। NDA के प्रत्याशी डॉ. एन.के. यादव ने पूर्णिया प्रमंडलीय कार्यालय पहुंचकर प्रमंडलीय आयुक्त के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, NDA के विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नामांकन से पहले पूर्णिया के कलाभवन में NDA की ओर से विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने NDA के नेताओं में उत्साह भर दिया। मंच से नेताओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए डॉ. एन.के. यादव के समर्थन में जोरदार तरीके से आवाज बुलंद की।
कलाभवन में जुटे हजारों कार्यकर्ता, नेताओं ने दिखाई एकजुटता
नामांकन से पहले आयोजित जनसभा में NDA के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान डॉ. एन.के. यादव ने कहा कि जिस तरह से कार्यकर्ताओं और समर्थकों का समर्थन मिल रहा है, वह उनके प्रति जनता के भरोसे को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि कोसी क्षेत्र के विकास और लोगों के समर्थन को लेकर वे पूरी तरह आश्वस्त हैं।
तीसरी बार मैदान में डॉ. एन.के. यादव
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि डॉ. एन.के. यादव को NDA ने तीसरी बार प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव पहले भी दो बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और क्षेत्र में उनके काम तथा उनके सरल व्यवहार से लोग परिचित हैं।
वहीं, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी डॉ. एन.के. यादव को शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्थन में विश्वास जताया।
लेशी सिंह ने गिनाई डॉ. यादव के व्यक्तित्व की खूबियां
भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने डॉ. एन.के. यादव को सरल और मृदुभाषी व्यक्तित्व वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में NDA की सरकार विकास के एजेंडे पर काम कर रही है और इसी विकास को चुनाव में जनता के बीच रखा जाएगा।
बिहार की चारों स्नातक सीटों पर NDA उम्मीदवारों की जीत का दावा
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बिहार में हो रहे चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को लेकर कहा कि राज्य में विकास का माहौल है और NDA सभी चार सीटों पर जीत दर्ज करेगा।
कार्यक्रम के दौरान पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र समेत NDA के कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरने और NDA प्रत्याशी डॉ. एन.के. यादव के पक्ष में समर्थन जुटाने की अपील की।
नामांकन और जनसभा के जरिए NDA ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी चुनावी ताकत और संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन किया। अब चुनावी मैदान में मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।

