बिहार सॉफ्टबॉल क्रिकेट को मिला नया नेतृत्व, राष्ट्रीय चैंपियन टीम का भव्य सम्मान
पटना। बिहार राज्य सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए शीर्ष स्तर पर नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है। सर्वसम्मति से वरिष्ठ खेलप्रेमी जयप्रकाश को संघ का मुख्य संरक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि राकेश मिश्रा को मेंटर (मार्गदर्शक) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस अवसर पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुजय सौरभ ने दोनों नव-नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके लंबे अनुभव और मार्गदर्शन से बिहार में सॉफ्टबॉल क्रिकेट को नई ऊर्जा और नई पहचान मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन अब और अधिक मजबूती के साथ खिलाड़ियों के हित में कार्य करेगा। कार्यक्रम में वैशाली जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के सचिव रवि रंजन भी मौजूद रहे। उन्होंने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे बिहार में खेल के विकास की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।
इधर, बिहार के खेल इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय जुड़ गया। ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में आयोजित तीसरी सब-जूनियर नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार की टीम ने राष्ट्रीय खिताब अपने नाम कर पूरे राज्य का मान बढ़ाया। स्वर्णिम सफलता के साथ लौटे खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के सम्मान में संघ की ओर से भव्य समारोह आयोजित किया गया।
सम्मान समारोह में राष्ट्रीय चैंपियन खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मेडल, अंगवस्त्र तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रदेश अध्यक्ष सुजय सौरभ ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने जिस जुझारूपन, अनुशासन और प्रतिभा का परिचय दिया है, वह पूरे बिहार के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे राज्य के खेल जगत की उपलब्धि है।
वहीं, नवनियुक्त मुख्य संरक्षक जयप्रकाश और मेंटर राकेश मिश्रा ने राष्ट्रीय विजेता टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में बिहार के सॉफ्टबॉल क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए संघ पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस ऐतिहासिक सफलता और संगठन में हुए नए बदलावों से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि बिहार सॉफ्टबॉल क्रिकेट अब नई सोच, मजबूत नेतृत्व और बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार है।



