Bihar Crime: नालंदा के हरनौत इलाके में 37 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
Bihar Crime: नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतक की पहचान चेरन गांव निवासी 37 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है, जो एक निजी पैथोलॉजी लैब में कार्य करता था। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने बिहारशरीफ–बख्तियारपुर एनएच-20 पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात लगभग 10:15 बजे सोनू कुमार के मोबाइल पर किसी का फोन आया। कॉल आने के बाद वह हरनौत बाजार के शिवाजी मोहल्ला की ओर चला गया। कुछ समय बाद परिवार को सूचना मिली कि वह सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है और दुर्घटना का शिकार हो गया है।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि मामला सड़क हादसे का नहीं, बल्कि जानलेवा हमले का है। सोनू के शरीर पर चाकू से किए गए कई गहरे घाव थे। गंभीर हालत में उसे पहले कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना भेज दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार का आरोप है कि सोनू को पहले फोन कर बुलाया गया और फिर पहले से रची गई साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना मिलते ही हरनौत थाना, चेरो ओपी और बेना थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में मुख्यालय डीएसपी तारकेश्वर प्रसाद सिंह तथा हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने परिजनों से बातचीत कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि हत्या में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

