Bihar Crime: गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में लापता चालक रौशन कुमार उर्फ ‘रॉकेट’ का शव पूनावां गांव के पास बगाही पहाड़ी के पीछे मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने पहले से हिरासत में लिए गए तीन युवकों से पूछताछ तेज कर दी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
गया: वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। चारपहिया वाहन चालक रौशन कुमार उर्फ ‘रॉकेट’, जो पिछले कुछ समय से लापता था, उसका शव पूनावां गांव के समीप बगाही पहाड़ी के पीछे बरामद किया गया। शव मिलने के बाद गुमशुदगी का मामला अब संभावित हत्या की जांच में बदल गया है।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई की रात कुर्किहार गांव के लोगों ने एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर उसमें सवार तीन युवकों को पकड़ लिया था। ग्रामीणों की सूचना पर वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को वाहन के साथ हिरासत में लेकर थाने चली गई।
अगली सुबह रौशन कुमार के परिजन थाने पहुंचे और उसके लापता होने की सूचना दर्ज कराई। उन्होंने आशंका जताई कि हिरासत में लिए गए युवकों का रौशन के गायब होने से संबंध हो सकता है। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि बगाही पहाड़ी के पीछे एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान रौशन कुमार उर्फ ‘रॉकेट’ के रूप में की।
शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया, जबकि पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है।
उधर, हिरासत में मौजूद तीनों युवकों से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी हत्या के कारण, घटनाक्रम और संभावित आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटे हैं।
वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।
फिलहाल पुलिस की कई टीमें हत्या की गुत्थी सुलझाने में लगी हैं। वहीं, मृतक के परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

