सिवान के पचरुखी थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 18 जून से लापता युवक का कंकाल गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में मिला है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव पर तेजाब डालकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई।
SIWAN: बिहार के सिवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। करीब दो सप्ताह से लापता युवक का कंकाल बुधवार को खेत से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने हत्या के बाद शव पर तेजाब डालकर पहचान और सबूत मिटाने की कोशिश की।
मृतक की पहचान मोहम्मदपुर निवासी तापमान अली के पुत्र हामिद अली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार हामिद 18 जून से लापता था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर परिवार ने पचरुखी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही थी।
बुधवार सुबह गांव के कुछ बच्चे जामुन तोड़ने खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर कुत्तों पर पड़ी, जो खेत में पड़े मानव अवशेषों को नोच रहे थे। बच्चों ने तत्काल गांववालों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान खेत से एक नरकंकाल बरामद हुआ। पास में मिले आधार कार्ड और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान हामिद अली के रूप में की गई।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के समीप स्थित सिंचाई की पाइन के आसपास जमीन और घास-फूस असामान्य रूप से सूखी मिली है। इससे आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने हत्या के बाद शव पर तेजाब डाला, जिससे पहचान मिटाई जा सके और साक्ष्य नष्ट हो जाएं। इसके बाद शव को खेत में छोड़ दिया गया ताकि जानवर उसे क्षत-विक्षत कर दें।
मृतक के भाई ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पचरुखी थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद अवशेषों को वैज्ञानिक जांच के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एफएसएल भेजा जाएगा। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और हत्या की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

