सीतामढ़ी में सीएसपी संचालक से हुई लूट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके चार साथियों को भी दबोच लिया गया। आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस और लूटी गई बाइक बरामद की गई है।
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में हाल ही में हुई सीएसपी संचालक से लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि उसके चार सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल शामिल है।
पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले रीगा थाना क्षेत्र के अन्हारी गांव में एक सीएसपी संचालक केंद्र बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि हुसैना पुल के पास कुछ संदिग्ध अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि गिरोह का एक सदस्य अपाचे बाइक से भाग निकला।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान फेकन कुमार के रूप में हुई है।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों में चंदन कुमार उर्फ फेकन कुमार (परसौनी), कमलेश कुमार, अविनाश कुमार (नगर थाना क्षेत्र) तथा लड्डू कुमार (शिवहर जिला) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी कट्टे, एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और पहले लूटी गई सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क तथा अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्ट**सुबी सिंह

