कटिहार: बिहार के कटिहार जिले स्थित तेलता रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट की बुकिंग के दौरान विवाद खड़ा हो गया। टिकट काउंटर पर कथित रूप से बिचौलियों के सक्रिय होने के आरोप लगने के बाद यात्रियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते-देखते धक्का-मुक्की और हंगामे में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई यात्रियों ने आरोप लगाया कि सामान्य लोगों को टिकट लेने के लिए लंबी कतार में इंतजार करना पड़ता है, जबकि कुछ लोग नियमों को दरकिनार कर पहले टिकट प्राप्त कर लेते हैं। इसी बात को लेकर टिकट काउंटर पर मौजूद लोगों के बीच कहासुनी हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। वायरल वीडियो में भी लोगों को एक-दूसरे पर आरोप लगाते और बहस करते देखा जा सकता है।
मामले के तूल पकड़ने के बाद कटिहार रेल मंडल के अधिकारियों ने आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीम को जांच के लिए भेजा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी संगठित टिकट दलाल गिरोह के सक्रिय होने के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं। जांच के दौरान यह सामने आया कि कुछ लोगों ने कतार का पालन नहीं किया, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ।
रेल प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है। यदि जांच में कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता या टिकट व्यवस्था में बाधा डालता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद स्थानीय यात्रियों ने तत्काल टिकट प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने, टिकट काउंटर पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि रेलवे को ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे सभी यात्रियों को निष्पक्ष और सुगम तरीके से टिकट उपलब्ध हो सके।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

