Bihar School Van Accident: औरंगाबाद में बुधवार सुबह बच्चों से भरी एक स्कूली वैन हादसे का शिकार हो गई। अंबा-नवीनगर मार्ग पर तामसी मोड़ के समीप अनियंत्रित होकर वैन करीब 15 फीट गहरी नहर में जा गिरी। इस दुर्घटना में 5 से 13 वर्ष आयु वर्ग के 13 स्कूली बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल बच्चे अब खतरे से बाहर हैं।
संत जेवियर हाई स्कूल की मैजिक वैन रोजाना की तरह कुटुंबा, लखना, महुआ धाम और मीरपुर से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान तामसी मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से नीचे नहर में पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग बिना देर किए राहत कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने नहर में उतरकर एक-एक बच्चे को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
हादसे में घायल 5 वर्षीय आरबी प्रताप, 12 वर्षीय हर्ष कुमार और 7 वर्षीय मौली कुमारी की हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कुटुंबा रेफरल अस्पताल से औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि बाद में डॉक्टरों ने बताया कि सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है और किसी की जान को फिलहाल खतरा नहीं है।
इस दुर्घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा स्कूल प्रबंधन पर फूट पड़ा। उनका आरोप है कि बच्चों के परिवहन के लिए पुराने और जर्जर वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है। साथ ही एक वाहन में उसकी निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक बच्चों को बैठाया जाता है, जिससे बड़े हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है। स्कूल के एक शिक्षक ने भी स्वीकार किया कि दुर्घटनाग्रस्त वैन में क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल प्रबंधन और फरार चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिले में संचालित निजी स्कूलों के वाहनों की नियमित फिटनेस जांच कराई जाए और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि हादसे के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

