पटना: राजधानी पटना के मालसलामी थाना क्षेत्र स्थित नूरपुर मोहल्ले में अपराधियों ने खुलेआम हिंसक वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। हथियारों से लैस बदमाशों ने एक इंश्योरेंस एजेंट के घर पहुंचकर पहले हंगामा किया, फिर उन्हें जबरन बाहर निकालकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान चाकू से हमला कर घायल करने के बाद उनके गले से सोने की चेन छीन ली। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित शशि कुमार निजी बीमा कंपनी HDFC ERGO में एजेंट हैं। घटना के समय वह अपने घर के पास क्रिकेट खेल रहे थे। तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। विरोध करने पर आरोपी उनके घर तक पहुंच गए और हथियार दिखाकर उन्हें बाहर आने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उनकी जमकर पिटाई की और चाकू से वार कर घायल कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनके गले से सोने की चेन भी छीन ली। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की तो उन्हें गोली मार दी जाएगी।
घायल अवस्था में शशि कुमार मालसलामी थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल भेजा। उपचार के बाद उन्होंने थाने में लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिकायत में महेश राय, अभिषेक राय, भोला राय, भोला राय के छोटे भाई समेत दो अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है। उनका कहना है कि सभी आरोपी पहले से योजना बनाकर हथियारों के साथ उनके घर पहुंचे थे।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद नूरपुर इलाके में लोगों के बीच भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

