पटना कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत ने फिलहाल कोई फैसला नहीं सुनाया है। अब मामले की अगली सुनवाई 7 जुलाई को होने की संभावना जताई जा रही है। इसी दिन उनके दोनों सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी सुनवाई हो सकती है।
पटना: चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर को अग्रिम जमानत के मामले में अभी राहत नहीं मिली है। शुक्रवार को निर्धारित सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले पर फैसला सुरक्षित रखने के बजाय सुनवाई को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया। अब इस मामले में 7 जुलाई को सुनवाई होने की संभावना है।
यह मामला पिछले महीने पटना स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुए विवाद और उसके बाद दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए खान सर ने अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है।
इससे पहले 30 जून को हुई सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया था कि गिरफ्तार किए गए दोनों गार्डों के पास से अवैध हथियार बरामद किए गए थे और घटना के दौरान फायरिंग कर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश की गई थी।
वहीं, खान सर की ओर से पेश अधिवक्ता अरविंद मौआर ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि गार्डों के पास मौजूद हथियार पूरी तरह लाइसेंसी था। उन्होंने यह भी बताया कि हथियार से जुड़े सभी वैध दस्तावेज पुलिस पहले ही अपने कब्जे में ले चुकी है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अनुसंधान पदाधिकारी (आईओ) और लोक अभियोजक को हथियार संबंधी सभी दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया था। माना जा रहा था कि शुक्रवार को इन दस्तावेजों के आधार पर अदालत फैसला सुना सकती है, लेकिन सुनवाई एक बार फिर टल गई।
अब अगली तारीख पर अदालत आईओ की रिपोर्ट, प्रस्तुत दस्तावेजों तथा अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलों पर विचार करने के बाद खान सर की अग्रिम जमानत और दोनों गार्डों की नियमित जमानत याचिका पर निर्णय ले सकती है।
गौरतलब है कि यह पूरा विवाद 2 जून को खान सर के कोचिंग संस्थान और रौशन आनंद के कोचिंग के बीच हुए विवाद से शुरू हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने पहले रौशन आनंद को गिरफ्तार किया, जबकि जांच के दौरान खान सर के दोनों सुरक्षा गार्ड भी गिरफ्तार कर लिए गए। इसके बाद संभावित गिरफ्तारी से बचाव के लिए खान सर ने अग्रिम जमानत की याचिका दायर की।
यह मामला पिछले एक महीने से कानूनी और राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी बीच नेपाल में रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद भी इस पूरे प्रकरण को लेकर कई तरह के आरोप और चर्चाएं सामने आई हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट : सुबी सिंह

