Nawada Accident News: नवादा जिले में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज गति से दौड़ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
नवादा: जिले के नरहट थाना क्षेत्र के मीनापुर गांव के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हिसुआ की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर और नरहट की दिशा से जा रही एक बाइक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंस गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस हादसे में दरगाही बीघा गांव निवासी 22 वर्षीय अमर पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर मौजूद विशाल कुमार और रणवीर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर को रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही नरहट थाना प्रभारी गौतम कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है। परिजन आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ के साथ मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

