रांची में आयोजित राज्य परिषद् की बैठक में संगठन मजबूती, सदस्यता अभियान और विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा।
RANCHI: रांची के मोमेंट्स रिज़ॉर्ट में हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) की झारखंड प्रदेश राज्य परिषद् की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने संगठन की भावी दिशा और रणनीति पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित, दलित, आदिवासी, पिछड़े, किसान और मजदूर वर्ग को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व दिलाना तथा उनके अधिकारों की रक्षा करना है।
डॉ. सुमन ने कहा कि झारखंड में संगठन का विस्तार केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समान अवसर सुनिश्चित करने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाते हुए आम लोगों के बीच पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि पार्टी के संरक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का सपना समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और विकास के अवसर पहुंचाना रहा है। इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए झारखंड में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र में अधिकार जागरूकता, संगठन और संवैधानिक तरीकों से संघर्ष करने पर ही मजबूत होते हैं।
बैठक के दौरान सदस्यता अभियान को गति देने, संगठन के विस्तार और आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। डॉ. सुमन ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) झारखंड में सामाजिक न्याय और वंचित वर्ग की मजबूत राजनीतिक आवाज़ के रूप में अपनी पहचान बनाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष डब्ल्यू. महतो ने की। आयोजन की जिम्मेदारी प्रदेश युवा अध्यक्ष हरेकृष्ण महाराज ने संभाली, जबकि मंच संचालन प्रदेश सचिव एवं प्रवक्ता अंकित पांडेय ने किया। बैठक में राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पांडेय, मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण, झारखंड प्रभारी सुनील कुमार चौबे, राष्ट्रीय सचिव कमलेश कुमार सिंह, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष कमाल परवेज़ समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

