पटना ! सुरेश मिश्रा
सॉफ्टबॉल क्रिकेट के प्रचार-प्रसार और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार ने एक बार फिर अपनी प्रदेश कमिटी का विस्तार किया है। आगामी द्वितीय यूथ नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 को सफल बनाने के उद्देश्य से संगठन लगातार अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 से बिहार के हाजीपुर में आयोजित होने वाली द्वितीय यूथ नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप को देखते हुए एसोसिएशन ने संगठनात्मक मजबूती पर विशेष ध्यान दिया है। इसी क्रम में नितिन कुमार को एसोसिएशन का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
एसोसिएशन के प्रदेश पदाधिकारी न केवल प्रदेश कमिटी बल्कि जिला कमिटियों और चैंपियनशिप की आयोजन समिति की तैयारियों पर भी लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं। पदाधिकारियों का मानना है कि मजबूत संगठन ही किसी भी खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आधार होता है।
प्रदेश कमिटी ने विश्वास व्यक्त किया है कि नितिन कुमार के अनुभव, कार्यशैली और सक्रिय भूमिका से सॉफ्टबॉल क्रिकेट को नई दिशा और गति मिलेगी। संगठन का उद्देश्य राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को इस खेल से जोड़ना तथा राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करना है।
नवनियुक्त उपाध्यक्ष नितिन कुमार ने अपनी नियुक्ति पर प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सॉफ्टबॉल क्रिकेट को गांव-गांव और जिले-जिले तक पहुंचाना, अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इस खेल से जोड़ना तथा युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना रहेगा।
गौरतलब है कि हाजीपुर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। ऐसे में बिहार के लिए यह आयोजन खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ राज्य की आयोजन क्षमता को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

