पेहराप ! आखर प्रहरी डेस्क
भोजपुर जिले के पेरहाप स्थित दिव्य देश तोताद्रि मठ में आयोजित श्री लक्ष्मी वेंकटेश प्रतिष्ठात्मक महायज्ञ के तहत मंगलवार को भव्य जलभरी यात्रा निकाली गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे, वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान के जयघोष के बीच खैरा स्थित सोन नदी से पवित्र जल भरकर कलश यात्रा के रूप में मठ परिसर तक पहुंचाया। पूरे मार्ग में भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति की अद्भुत झलक देखने को मिली।

सुबह से ही मठ परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में कलश लेकर जलभरी यात्रा में शामिल हुए। वैदिक आचार्यों के मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच श्रद्धालु सोन नदी पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ जल भरने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर पुनः मठ परिसर पहुंचे, जहां धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम आगे बढ़ा।
इस आयोजन का सबसे प्रमुख आकर्षण श्रीवैष्णव संप्रदाय के विश्वविख्यात 31वें पीठाधिपति परम पूज्य श्री मधुरकवि वानमामलै रामानुज जीयर स्वामी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके जलभरी यात्रा में शामिल होने से पूरे आयोजन का आध्यात्मिक महत्व और बढ़ गया। श्रद्धालुओं ने उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और इसे अपने जीवन का सौभाग्य बताया।

श्रद्धालुओं का कहना है कि यह महायज्ञ केवल भोजपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक गौरव का विषय है। उनका मानना है कि ऐसे आयोजनों से सनातन संस्कृति को नई ऊर्जा मिलती है और समाज में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है।
दिव्य देश तोताद्रि मठ के मठाधीश श्री विष्णुचित्ताचार्य जी महाराज ने बताया कि श्री लक्ष्मी वेंकटेश प्रतिष्ठात्मक महायज्ञ का उद्देश्य वैदिक परंपराओं का संरक्षण, सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार तथा समाज में धार्मिक एवं आध्यात्मिक जागरण करना है। उन्होंने कहा कि परम पूज्य 31वें पीठाधिपति श्री मधुरकवि वानमामलै रामानुज जीयर स्वामी महाराज का पेरहाप आगमन सम्पूर्ण भोजपुर और बिहार के लिए गौरव एवं सौभाग्य का विषय है। साथ ही उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए महायज्ञ के आगामी कार्यक्रमों में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
दिव्य देश तोताद्रि मठ में जारी यह प्रतिष्ठात्मक महायज्ञ लगातार श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है। आने वाले दिनों में भी कई धार्मिक अनुष्ठान, वैदिक कार्यक्रम और आध्यात्मिक आयोजन प्रस्तावित हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। भोजपुर की इस पावन धरती से सनातन संस्कृति और वैदिक परंपरा का संदेश पूरे देश में प्रसारित हो रहा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुरारी शर्मा,अविनाश कुमार राय,शतीश शर्मा
सतीश राय,निर्भय राय ,नवल किशोर राय, गप्पू राय,उदय राय ,पद्मनाभ त्रिपाठी एवम् समस्त जनता

