## श्रावणी मेले में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा और नटेसर (राजगीर) के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन जुलाई से सितंबर तक तय दिनों में दोनों दिशाओं में चलेगी।
Shravani Mela 2026: श्रावणी मेले के दौरान बाबा धाम और बिहार आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने हावड़ा-नटेसर (राजगीर) श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह विशेष रेल सेवा 5 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित दिनों में दोनों दिशाओं में संचालित होगी। रेलवे ने इसकी समय-सारिणी और सभी ठहराव स्टेशनों की जानकारी भी जारी कर दी है।
हावड़ा से नटेसर जाने वाली ट्रेन
गाड़ी संख्या 03001 हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल का संचालन 5 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को किया जाएगा। ट्रेन हावड़ा स्टेशन से रात 11:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:00 बजे नटेसर जंक्शन पहुंचेगी।
नटेसर से हावड़ा वापसी
गाड़ी संख्या 03002 नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल 6 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन नटेसर जंक्शन से दोपहर 1:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 4:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
यह विशेष ट्रेन हावड़ा, बैंडेल जंक्शन, बर्द्धमान जंक्शन, दुर्गापुर, आसनसोल जंक्शन, चित्तरंजन, मधुपुर जंक्शन, जसीडीह जंक्शन, झाझा, जमुई, किऊल जंक्शन, शेखपुरा जंक्शन, अस्तावां, बिहारशरीफ जंक्शन, नालंदा, राजगीर और नटेसर जंक्शन सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
यात्रियों के लिए रहेंगी ये सुविधाएं
रेलवे के मुताबिक इस स्पेशल ट्रेन का संचालन ICF रैक से किया जाएगा। इसमें जनरल (द्वितीय श्रेणी), स्लीपर, वातानुकूलित (एसी) और एसएलआरडी (SLRD) कोच लगाए जाएंगे। इससे श्रावणी मेले के दौरान पश्चिम बंगाल और बिहार के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सीटें और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।
रिपोर्ट: सुबी सिंह

